लातेहार
उपायुक्त के जन शिकायत निवारण में बीएड छात्रवृत्ति दिलाने की मांग की


लातेहार। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जाँच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा.
नीलांबर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के छात्र नारद कुमार यादव ने उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बीएड छात्रों को छात्रवृति नहीं मिलने के कारण थर्ड सेमिस्टर में नामांकन कराने में हो रही कठिनाई के संबंध में अवगत कराया. कहा कि आर्थिक अभाव के चलते छात्र-छात्राएं समय पर शुल्क जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने आश्वासन दिया कि पात्र छात्रों को शीघ्र छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा नामांकन से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. जन शिकायत निवारण में कुल 14 आवेदन आये. शिकायतकर्ताओं कि समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को अग्रसारित कर सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए , समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एंव शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है.