लातेहार। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर 17 अक्टूबर को नगर पंचायत लातेहार एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी की टीम द्वारा संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र स्थित विभिन्न होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई. जांच के क्रम में होटल सेलिब्रेशन, अमूल आउटलेट, स्पार्क ब्लू, बजरंग होटल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में मिठाई, पनीर एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच की गई. टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का जायजा लिया. अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमन गुप्ता की टीम के साथ नगर पंचायत के प्रबन्धक राजकुमार वर्मा एवं अन्य कर्मी मौजूद थे. अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे. खाद्य पदार्थों में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.