विधि-विधान से शुरू हुआ माता की पूजा-अर्चना और प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान
लातेहार। शारदीय नवरात्र के सप्तमी तिथि पर शनिवार को शहर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला. विभिन्न पूजा समितियों की ओर से गंगा पूजन के बाद विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई. इसके साथ ही पूजा पंडालों में माता की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा एवं विशेष पूजा-अर्चना का अनुष्ठान शुरू हो गया. शहर के श्री वैष्णो दुर्गा मंदिर में पुरोहित त्रिभुवन पांडेय के सानिध्य में सप्तमी की पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई. इस दौरान यजमान के रूप में नवीन कुमार साहू अपनी पत्नी के साथ उपस्थित रहे. जबकि सहयोगी यजमान के रूप में सोनम, प्रीति और पूनम मौजूद थे. वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता भी अपनी पत्नी के साथ औरंगा नदी पहुंचकर गंगा पूजन में शामिल हुए और गंगा पूजा कर क्षेत्र में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की. पूजा के दौरान श्री वैष्णो दुर्गा मंदिर समिति के सचिव आशीष टैगोर, सह सचिव रंजीत कुमार, रविंद्र प्रजापति, आकाश कुमार जायसवाल, दुर्गा पूजा समिति 2026 के अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार साहू, महामंत्री विष्णु कुमार के अलावा सोनू कुमार, गोविंद कुमार, गौरव कुमार, सौरभ कुमार, मिशु कुमार, शुभम कुमार, आकाश कुमार, मोनू कुमार, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.