लातेहार : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), लातेहार के तत्वावधान में शुक्रवार को बैंक ऑफ बड़ौदा की स्थानीय शाखा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन झालसा रांची एवं नालसा नई दिल्ली के निर्देशानुसार किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल ने की. उन्होंने उपस्थित बैंककर्मियों एवं अन्य लोगों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया. इस दौरान जनोपयोगी योजनाओं के अलावा बाल विवाह निषेध, किशोर न्याय अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी विषयों की जानकारी दी गई. वक्ताओं ने कहा कि आम लोगों को कानून की जानकारी होना आवश्यक है. विधिक जागरूकता के माध्यम से लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग होने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी दी गई. कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक शिकेष कुमार ने वादों के निष्पादन के लिए स्थाई लोक अदालत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार की मदद लेने की अपील की. कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन स्थाई लोक अदालत के सदस्य शकील अख्तर ने किया.