बड़े-छोटे वाहनों की आवाजाही बंद, पैदल गुजरना भी बना जानलेवा
महुआडांड़ (लातेहार)। महुआडांड़ प्रखंड अंतर्गत ग्राम राजदंडा में शनिवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद एक पुल पूरी तरह ध्वस्त होकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुल के टूट जाने से ग्रामीणों के समक्ष आवागमन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति ऐसी है कि पुल से बड़े और छोटे वाहनों का गुजरना तो दूर, पैदल आवागमन करना भी खतरे से खाली नहीं है। बताया जाता है कि शनिवार देर शाम क्षेत्र में तेज बारिश हुई, जिसके बाद पुल के ऊपर से पानी का तेज बहाव होने लगा। बारिश और पानी के दबाव के कारण पुल का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों में भय का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, यह पुल डाल्टनगंज मुख्य मार्ग के साथ राजदंडा सहित आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। रोजाना ग्रामीण इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, अस्पताल एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। पुल टूट जाने के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुल की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। खासकर रात के समय पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का पता नहीं चल पाने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवागमन का वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पुल को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, पुल के क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है