बरवाडीह ( लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राचीन पहाड़ी मंदिर परिसर में आगामी एक सितंबर से सात सितंबर तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस आयोजन में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित अनुराग कृष्ण शास्त्री (वृंदावन उत्तर प्रदेश) के द्वारा श्रीमद्भागवत कथा वाचन किया जायेगा. कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं. कथा के शुभारंभ से पूर्व एक सितंबर की सुबह सात बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. आयोजन समिति के अनुसार कलश यात्रा के बाद धार्मिक अनुष्ठान एवं अन्य कार्यक्रम संपन्न होंगे. एक सितंबर की देर शाम से श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा. सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण करने का अवसर मिलेगा. आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है. कलश यात्रा में शामिल होने की इच्छुक महिला श्रद्धालु आयोजन समिति के मोबाइल नंबर 72508 47101 पर संपर्क किया जा सकता है.
समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.