बरवाडीह(लातेहार)। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर शनिवार को पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय होरीलांग (छेंचा) बरवाडीह में विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ननदेव राम के नेतृत्व में किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा छात्र-छात्राओं को हॉकी के महान खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जीवनी, खेल उपलब्धियों तथा देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. विद्यार्थियों को बताया गया कि मेजर ध्यानचंद का जन्म 29 अगस्त 1905 को हुआ था और उनके जन्मदिन को देश में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने से बच्चे विद्यालय, प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भूमिका रही.