लातेहार। शहर के बिजली कार्यालय के समीप शनिवार की रात एक महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान रविंद्र यादव की पत्नी के रूप में हुई है. वह हरखा गांव की रहने वाली थी. शव मिलने की सूचना पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी अशोक कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा. वैसे पुलिस हर एंगल की जांच कर रही है.