लातेहार। जिले के छीपादोहर थाना क्षेत्र के राजकीय कृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुचिला में रविवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है. सोमवार सुबह जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश उरांव व अन्य शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट बंद पाया गया. अंदर जाने के बाद देखा कि कार्यालय कक्ष का ताला टूटा हुआ है और दरवाजा खुला मिला. कार्यालय के अंदर रखा सारा सामान अस्त-व्यस्त अवस्था में बिखरा हुआ था. प्रधानाध्यापक ने तत्काल इसकी सूचना छिपादोहर थाना प्रभारी यकीन अंसारी को दी. सूचना के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर सब- इंस्पेक्टर विशेषेंदु त्रिपाठी मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पाया गया कि चोरों ने कार्यालय कक्ष में रखे दो अलमीरा और दो बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे सामान को बाहर निकाल दिया है. इस दौरान विद्यालय को प्राप्त सरकारी टैब की चोरी कर ली गई है. हालांकि कंप्यूटर कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वह असफल रहा. बताया गया कि कंप्यूटर कक्ष और स्मार्ट क्लास भवन की चाभी घटना के बाद लापता थी, जिसे बाद में विद्यालय के बच्चों द्वारा खेल के दौरान विद्यालय के समीप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास फेंका हुआ पाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि विद्यालय के पीछे की चहारदीवारी पिछले दो-तीन वर्षों से गिरी हुई है. संभावना है कि चोर उसी रास्ते से विद्यालय परिसर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया होगा. मौके पर सांसद प्रतिनिधि दीपक राज सहित विद्यालय के शिक्षक -शिक्षिकाएं उपस्थित थे.