लातेहार। लातेहार प्रखंड अंतर्गत बेंदी पंचायत के जेर, गोदना, तुपु, सिमरियाटांड़ सहित अन्य गांवों का लातेहार जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। ग्रामीणों ने श्री तिवारी को पंचायत क्षेत्र की सड़कों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के दिनों में सड़कों की स्थिति काफी खराब हो जाती है, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो जाता है और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों के अनुसार, कई आश्वासन केवल चुनावी आश्वासन बनकर रह गए हैं। मामले को लेकर पंकज तिवारी ने कहा कि ग्रामीणों की सड़क संबंधी समस्या को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़कों की जर्जर स्थिति से अवगत कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए और इस दिशा में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया गया है। मौके पर लातेहार जिला कामगार कांग्रेस अध्यक्ष कामिल अंसारी, लातेहार जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष रब्बानी हुसैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।