लातेहार। सदर प्रखंड के तरवाड़ी पंचायत अंतर्गत गुरगु, लुंडी और ओरवाई गांव में मूसलाधार बारिश के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। गुरगु बांध टूटने और धरधरी नदी का बहाव कटने से खेतों में पानी और बालू भर गया, जिससे करीब 100 एकड़ से अधिक में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई। किसान बिंदेश्वर कुमार यादव ने बताया कि उनके करीब 7 एकड़ खेत में लगी धान की फसल बांध टूटने के कारण पूरी तरह प्रभावित हुई है।
किसानों के अनुसार गुरगु में करीब 80 एकड़ तथा ओरवाई और लुंडी को मिलाकर लगभग 100 एकड़ से अधिक फसल को नुकसान पहुंचा है। खेतों में बालू भर जाने से किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
सूचना मिलने पर लातेहार के उप प्रमुख राजकुमार प्रसाद मौके पर पहुंचे और प्रभावित खेतों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण बांध टूट गया, जिसके बाद तेज पानी के साथ बालू खेतों में आ गया। इससे धान की फसल झुक गई और बड़े पैमाने पर फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से प्रभावित किसानों की जांच कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं कांग्रेस मीडिया प्रभारी पंकज तिवारी ने भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां आदिवासी एवं आदिम जनजाति समुदाय के लोग पीढ़ियों से खेती पर निर्भर हैं और उनका जीवन-यापन मुख्य रूप से कृषि से जुड़ा है। इस बार नदी के तेज बहाव के कारण पूरी फसल बर्बाद हो गई तथा खेतों में बड़ी मात्रा में बालू जमा हो गया है। पंकज तिवारी ने कहा कि वे लातेहार उपायुक्त से मिलकर किसानों की समस्या को कृषि मंत्री तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों के पास जमीन से संबंधित कागजात की कमी है, उनकी समस्या को भी प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि पात्र किसानों को राहत मिल सके। किसानों ने प्रशासन से जल्द स्थल जांच कराकर फसल एवं खेतों में हुए नुकसान का आकलन कराने तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। मौके पर ग्राम प्रधान जलाल सिंह, किसान दुर्गा सिंह, बिंदेश्वरी यादव, कपिल देव सिंह, भोला सिंह, बुधराम सिंह, रामसेवक सिंह, दिनेश सिंह, सत्येंद्र सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद थे।