लातेहार। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर शनिवार को छिपादोहर थाना पुलिस ने संत मरियम मध्य/उच्च विद्यालय, छिपादोहर में छात्र-छात्राओं के बीच जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे. इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे डायन-बिसाही प्रथा, बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं नशापान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया. साथ ही नए आपराधिक कानून, आपातकालीन सेवा डायल 112, सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों की जानकारी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने किसी भी नाबालिग को दुपहिया वाहन नहीं चलाने की अपील की. उन्होने सड़क मे हमेशा सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की बात कही. पुलिस ने सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक पर निर्भर नहीं रहने तथा तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की. अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से जागरूकता को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस पदाधिकारियों से विभिन्न विषयों पर जानकारी भी प्राप्त की.