लातेहार। 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लातेहार में कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा कार्यक्षमता में वृद्धि के उद्देश्य से 12 सितंबर 2026 तक छह दिवसीय ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है. शिविर का शुभारंभ सात सितंबर को राजेश सिंह, कमांडेंट, 32वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, लातेहार के मार्गदर्शन में किया गया. कमाडेंट श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण कार्य-परिस्थितियों के कारण प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में तनाव, मानसिक दबाव एवं शारीरिक थकान बढ़ती जा रही है. इसे ध्यान में रखते हुए शिविर में योग एवं प्राणायाम के माध्यम से कर्मियों को तनाव एवं चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उपाय बताए जा रहे हैं. शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं आंतरिक शांति को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. शिविर के माध्यम से कर्मियों को योग एवं ध्यान के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें तनावपूर्ण एवं लंबे समय तक चलने वाली कार्य परिस्थितियों में मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के उपाय बताए जा रहे हैं. ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के अनुभवी एवं प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम एवं अन्य उपयोगी क्रियाओं का नियमित एवं वैज्ञानिक तरीके से अभ्यास कराया जा रहा है. योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ एवं लचीला बनाए रखने, प्राणायाम के माध्यम से श्वसन क्षमता एवं मानसिक शांति बढ़ाने तथा ध्यान के माध्यम से मन की एकाग्रता एवं स्थिरता विकसित करने के बारे में जानकारी दी जा रही है. इसके अलावा सुदर्शन क्रिया के अभ्यास से तनाव एवं मानसिक दबाव को कम करने तथा सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मविश्वास संचार करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है. शिविर के दौरान कर्मियों को यह भी बताया गया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ तन, मन एवं आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योग एवं ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति अपनी कार्यक्षमता में वृद्धि कर सकता है.