बालूमाथ (लातेहार)। प्रखंड मुख्यालय स्थित इंदिरा गांधी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को शुद्ध और शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नॉर्थ धाधू वेस्ट पार्ट कोयला परियोजना में कार्यरत जीआरएन कंस्ट्रंक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने निगमित सामाजिक दायित्व के तहत बुधवार को आरओ वाटर प्यूरीफायर और वाटर कूलर उपलब्ध कराया है.जीआरएन कंस्ट्रंक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के महाप्रबंधक सह प्रोजेक्ट इंचार्ज पी उमा महेश्वर व मधु मन्नेम ने बताया कि कंपनी अगले कई चार दशक तक इस प्रोजेक्ट को संचालित करेगी. आम लोगों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है. प्रोजेक्ट से प्रभावित क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा लोगों को सामुदायिक लाभ हो इसे ध्यान में रखकर कार्य करना कंपनी की पहली प्राथमिकता है. इसी प्राथमिकता के तहत कंपनी के तरफ से पहल किया गया है, कि प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को शुद्ध और पीने योग्य शीतल पानी उपलब्ध कराई जाए. कंपनी ने निगमित सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए इस कार्य को किया है. भविष्य में और भी बहुत सारे सामाजिक कार्य करने की योजना है. शुद्ध जल बेहतर स्वास्थ्य के लिए अहम है. इसी लिए शिक्षा के माध्यम से यहां के भविष्य को बेहतर बनाने में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही बदलाव संभव है. मौके पर कम्पनी के दिनेश, विद्यालय के निर्मल कुमार सिन्हा, अरशद शाहनवाज समेत विद्यालय की छात्राएं व अन्य लोग मौजूद रहे.