लातेहार। थर्ड झारखंड स्टेट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात की. उपायुक्त ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उनका उत्साहवर्धन किया. चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, पांच रजत एवं एक कांस्य पदक सहित कुल आठ पदक हासिल किए. खिलाड़ियों में जयदीप उरांव ने हेप्टाथलॉन में स्वर्ण पदक तथा मोहित कुमार ने पांच किमी रेस वॉकिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया है. जबकि विवेक उरांव ने लॉन्ग जंप एवं ट्रिपल जंप, अनित उरांव ने 100 मीटर दौड़, आशीष साहू ने हाई जंप, प्रिंस तिर्की ने लॉन्ग जंप एवं हेप्टाथलॉन तथा हरेन कुमार महतो ने 5000 मीटर रेस वॉकिंग में रजत पदक प्राप्त किया. प्रिंस तिर्की ने हेप्टाथलॉन में कांस्य पदक भी हासिल किया. उपायुक्त संदीप कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा. उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं. उल्लेखनीय है कि अंडर -18 आयु वर्ग में जिले के खिलाड़ियों ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब भी अपने नाम किया है. इस अवसर पर विवेक उरांव का चयन वर्ष 2026 के वर्ल्ड स्कूल (SGFI) के कैंप के लिए भी हुआ है. यह गांवा में तय है. कैंप के उपरांत तीन से आठ दिसंबर तक ब्राजीील देश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में वह हिस्सा लेंगे. यह उपलब्धि जिले के लिए गौरव का विषय है. मौके पर उप निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना, उतरी प्रमंडल, कोर एरिया कुमार आशीष, जिला खेल पदाधिकारी श्री अविनेश कुमार त्रिपाठी उपस्थित थे.