लातेहार। सदर अस्पताल व ब्लड बैंक, लातेहार तथा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत आउटसोर्सिंग एजेंसी बाला जी कंपनी के कर्मचारियों ने उपायुक्त को पत्र सौंपकर संशोधित न्यूनतम मजदूरी एवं अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है. मंगलवार को काफी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त, लातेहार को ज्ञापन सौंपा.
कर्मचारियों ने कहा है कि वे अपने निर्धारित कार्य एवं दायित्वों का नियमित रूप से निर्वहन कर रहे हैं. झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 01 अप्रैल 2026 से संशोधित न्यूनतम मजदूरी एवं परिवर्तनीय महंगाई भत्ता (VDA) लागू किया गया है. अधिसूचना में विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों के लिए संशोधित दर निर्धारित की गई है. पत्र के अनुसार, अकुशल कर्मचारियों के लिए 13,385 रुपये, अर्द्धकुशल के लिए 14,043 रुपये, कुशल के लिए 18,504 रुपये तथा अतिकुशल कर्मचारियों के लिए 21,336 रुपये कुल मासिक दर निर्धारित है.
कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई एवं दैनिक जीवन-यापन की लागत में लगातार वृद्धि हो रही है. ऐसे में संशोधित सरकारी दर के अनुरूप वेतन एवं मानदेय का भुगतान किया जाना आवश्यक है. कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें 12460 रूपये का भुगतान किया जाता है, जबकि सिविल सर्जन कार्यालय से 25 हजार रूपये का भुगतान करने का दावा किया जाता है. कर्मचारियों ने वेतन एवं मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग की. इसके अलावा उन्होने संशोधित दर लागू होने की तिथि से बकाया अंतर राशि (एरियर) का भुगतान करने, पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार भविष्य निधि (PF) की सुविधा दी देने तथा कर्मचारी एवं नियोजक के अंशदान को पीएफ खाते में जमा कराने, पात्र कर्मचारियों को कर्मचारी राज्य बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने, पात्र कर्मचारियों को बोनस एवं अन्य वैधानिक लाभ प्रदान करने और नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश, आकस्मिक अवकाश एवं अन्य अनुमन्य अवकाश की सुविधा देने की मांग की. ज्ञापन सौंपने वालों में जीएनएम महिमा लकड़ा, आर्सेन लकड़ा, एएनएम लीलीावती कुमारी , ज्याति कुमारी, सीमा देवी, रीना देवी, राजमणी देवी, मंजूू कुमारी, बिरंग भेंगरा, तारामुनी कुमारी, शीला संगेेन एक्का, चांदनी कुमारी, मिथिलेश कुमार व अजीता टोप्पो समेंत कई कर्मचारियों का नाम शामिल है.