लातेहार। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) लातेहार जिला इकाई की एक बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने की. इसमें जिले के सभी प्रखंडों से पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों एवं पूर्व के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि लातेहार जिले में ओबीसी समुदाय को वर्तमान में आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है. राजद ने ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग की. इसके साथ ही जिले में हुए सर्वे में दर्ज त्रुटियों को सुधारने तथा रजिस्टर-2 के अनुसार ऑनलाइन रसीद काटने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया. जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव ने बताया कि इन मांगों को लेकर उपायुक्त को आवेदन दिया गया है. इससे पहले मुख्यमंत्री को भी आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. राजद ने निर्णय लिया है कि यदि एक माह के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो लातेहार जिले में बड़ा आंदोलन किया जाएगा. बैठक में संतोष यादव को जिला सचिव बनाया गया. राजद नेता व कार्यकर्ताओं ने श्री यादव को बधाई दी. बैठक में वरीय राजद नेता बलि यादव यादव, मोहर सिंह यादव, देववंश यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू रंजन प्रसाद, प्रदेश सचिव रंजीत यादव, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राज नारायण गिरी, युवा जिलाध्यक्ष दीपक यादव, भोला सिंह, वीरेंद्र यादव, मनोज यादव, सुरेश राम, निजाम अंसारी, संतोष यादव, इमरान अंसारी एवं चेतन यादव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.