लातेहार। शहर के बानपुर इलाके में अवस्थित बनवारी साहू महाविद्यालय में दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया. कार्यक्रम के प्रथम चरण की शुरूआत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान की गयी. एनएसएस के स्वयंसेवकों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. इसके बाद महाविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. महाविद्यालय की सचिव अंजू गुप्ता, पूर्व प्राचार्य पीके तिवारी एवं एनएसएस जिला नोडल पदाधिकारी नवल किशोर प्रसाद ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज के लिए आवश्यक बताया था. उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है और सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ समाज का निर्माण संभव है. कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवक आयुष चौधरी, देवेंद्र सिंह, तौकीर अंसारी सहित महाविद्यालय के कर्मी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थेे.