महुआडांड़ (लातेहार)। झारखंड बटालियन एनसीसी (44) के तत्वावधान में संत जोसेफ स्कूल महुआडांड़ के एनसीसी कैडेटों द्वारा शनिवार को ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से लोगों को क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूक करते हुए इसके लक्षण, बचाव और समय पर जांच एवं उपचार के महत्व का संदेश दिया गया. रैली में शामिल एनसीसी कैडेट हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर एवं तख्तियां लेकर लोगों को टीबी से बचाव के लिए जागरूक कर रहे थे. कैडेटों ने विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूरा उपचार कराने की अपील की. इस दौरान कैडेटों ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन इलाज योग्य बीमारी है. सामूहिक जागरूकता और समय पर उपचार से टीबी को पूरी तरह समाप्त करने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है. रैली का उद्देश्य आम लोगों तक ‘टीबी मुक्त भारत’ का संदेश पहुंचाना और बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना था. गौरतलब है कि केंद्र सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान में एनसीसी कैडेटों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है. इस दौरान एनसीसी संचालन चिप ऑफिसर देवेन्द्र कुमार मिश्रा मौजूद रहे.