लातेहार
राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

लातेहार। आगामी 15 नवंबर को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल की व्यवस्था, साफ-सफाई, साज-सज्जा, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई.
झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 11 से 15 नवंबर तक तक जिले में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, कविता, भाषण एवं अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा.
सांस्कृतिक कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, खेलकूद एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे. जिले के जन प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के द्वारा कारगिल पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया जाएगा. जिलास्तर पर विकास मेला का आयोजन किया जाएगा. विकास मेला में सरकार की कल्याणकारी योजना की जानकारी आमजनों को देने हेतु विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाया जाएगा।
साथ ही लाभुको को परिसम्पति वितरित की जाएगी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस झारखंड के गौरव, स्वाभिमान एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है. ऐसे में इस अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को पूरी गरिमा एवं बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराया जाए. उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का स्पष्ट रूप से निर्धारण कर समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें. आयोजन से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, जिला परिषद अध्यक्षपूनम देवी, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, डीएलओ प्रभात कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार दिनेश कुमार ,नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह व अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे. जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी जुड़े थे. 



