लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार के द्वारा मंगलवार को महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित सखी—वन स्टॉप सेंटर, राजहार, लातेहार का निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा सुरक्षा एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को केंद्र में आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को संवेदनशील एवं त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके उपरांत उपायुक्त ने धर्मपुर, लातेहार स्थित जिला बाल संरक्षण इकाई, लातेहार के अंतर्गत संचालित बाल गृह का भी निरीक्षण किया. उन्होंने बाल गृह में बच्चों के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली. उपायुक्त ने बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए सरकार द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा श्रेयांश सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.