लातेहार। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, लातेहार प्रबंध समिति की एक बैठक नामित अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने समिति के सभी सदस्यों का पौधा भेंट कर सम्मानित किया. प्राचार्य श्री सिंह ने बैठक के एजेंडा से समिति के सदस्यों को जानकारी दी. प्राचार्य ने इस वर्ष की मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में विद्यालय के छात्र व छात्राओं की उपलब्धियों से अवगत कराया. बैठक में विद्यालय में सीसीटीवी एवं कंप्यूटर लैब व लाइब्रेरी में एसी की खरीददारी की अनुमति प्रदान की गयी. इसकेे अलावा फर्नीचर, पुस्तकालय के लिए पुस्तकें, विद्यालय का मेंटनेंस, पानी की टंकी में तीन वाटर फिल्टर की खरीददारी करने, परीक्षा के लिए मुद्रित व लेखन कार्य सामग्री और खेल सामग्री का क्रय करने का अनुमोदन किया गया. बैठक में छात्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, मेन रोड से विद्यालय परिसर तक स्ट्रीट लाईट की व्यवस्था कराने व एनएच -39 में विद्यालय प्रवेश द्वार के पास गतिरोधक बनवाने आदि पर विचार विमर्श किया गया. बैठक में समिति के सदस्य आशीष टैगोर, भवन निर्माण के कनीय अभियंता पंकज कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय प्रतिनिधि, शिक्षक प्रतिनिधि बालजिंदीर कौर देव, प्राचार्य संत जेवियर की प्राचार्य, अभिभावक सदस्य आभा एक्का व मनोज कुमार पवइया आदि मौजूद थे.