बरवाडीह (लातेहार)। प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की आशंका को लेकर आरटीआई कार्यकर्ता तस्लीम ख़ान ने संबंधित पदाधिकारियों से सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत महत्वपूर्ण अभिलेखों की मांग की है. उन्होंने योजनाओं की वास्तविक स्थिति और सरकारी राशि के खर्च की पारदर्शिता की जांच के उद्देश्य से प्राक्कलन, मापी पुस्तिका, एग्रीमेंट व कार्य समाप्ति की तिथि सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है. आरटीआई कार्यकर्ता द्वारा मांगी गई सूचनाओं में बरवाडीह प्रखंड के अहिरपुरवा ग्राम में कराए जा रहे पीसीसी पथ एवं नाली निर्माण कार्य, छेंचा में पीडब्ल्यूडी रोड से यादव टोला होते हुए आरईओ रोड तक पीसीसी पथ निर्माण एवं पंचायत केचकी में पीडब्ल्यूडी रोड हड़पडवा कंचनपुर पश्चिम टोला तक पीसीसी पथ निर्माण कार्य से संबंधित अभिलेख भी शामिल हैं. उन्होंने संबंधित विभाग से योजना की स्वीकृति, प्राक्कलित राशि, कार्यादेश, कार्य पूर्ण कराने की अवधि, भुगतान की स्थिति तथा कार्य में प्रयुक्त सामग्री से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है. तस्लीम ख़ान का कहना है कि क्षेत्र में सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ग्रामीणों द्वारा सवाल उठाए जाते रहे हैं. ऐसे में योजनाओं से जुड़े सरकारी अभिलेखों की जानकारी सार्वजनिक होना आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित मापदंड के अनुरूप कराया गया है या नहीं।उन्होंने कहा कि मापी पुस्तिका (एमबी) में दर्ज कार्य की वास्तविक मात्रा, गुणवत्ता और भुगतान से संबंधित विवरण की जांच से योजनाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है. आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों का अध्ययन करने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों के समक्ष मामले को रखा जाएगा. आरटीआई कार्यकर्ता ने कहा कि सूचना मांगने का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को आरोपित करना नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है. अब संबंधित पदाधिकारियों द्वारा मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध कराए जाने के बाद ही योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.